‘गंदा’ पर ‘धंधा’ है……

‘गंदा’ पर ‘धंधा’ है……

डेटिंग एप्स पर शुरू हो चुका है कमीशनखोरी का ‘खेल’

होटलों और रेस्ट्रां से लड़कियों को दिया जा रहा है कमीशन का लालच

 

इंट्रो

एक्स पर एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडिय़ो में दो लड़कियां बता रही हैं कि जैसे ही लड़कियां डेटिंग एप्स पर जाती है उनकों दिल्ली- एनसीआर, चंडीगढ़ और दूसरे कई बड़े शहरों के तमाम बड़े होटलों और रेस्ट्रां से फोन आते हैं। इन कॉल्स में उनसे गुजारिश की जाती है कि आप मेरे होटल या रेस्ट्रां की सेवा लीजिए और हम आपको 20 प्रतिशत तक कमीशन देंगे। यानी लड़कियां अपने ब्वाय फ्रेंड पर दबाव डालें कि हमें तो फलां होटल या रेस्ट्रां से ही कुछ खाने को चाहिए। उसकी मांग पूरी होने पर उस लड़की को होटल या रेस्ट्रां से 20 प्रतिशत कमीशन मिल जाएगा। 

…………………………………….

देश में पैसे की हवस में क्या-क्या खेल चल रहा है, जानकर आश्चर्य होता है। तमाम डेटिग एप्स बाजार में हैं और नई पीढ़ी हो या पुरानी इनमें से बहुतेरे साथियों की तलाश में इन एप्स पर मौजूद हैं। अभी पिछले दिनों सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें इन डेटिंग एप्स पर क्या गुल खिलाया जा रहा है इसका एक और नमूना सामने आया। 

वरुण की जुबानी 

बात शुरू करते हैं वरुण की कहानी से। वरुण वैसे तो एक नहीं कई डेटिंग एप्स पर मौजूद हैं। अच्छी नौकरी करते हैं और देखने में भी बुरे नहीं। टाइम पास के लिए कई लड़कियों  का भी उन्हें साथ मिला हुआ है। खाना-पीना, मौजमस्ती सब जारी है। बस उन्हें खटका तब हुआ जब उनकी दो-दो गर्ल फ्रेंडों ने अलग-अलग दिनों पर एक ही रेस्ट्रां से खाने-पीने का सामान मंगाने की सिफारिश की।

वरुण को शक हुआ  और एक दिन शराब पिलाने के बाद उसने इस मामले में अपनी गर्ल फ्रेंड से तहकीकात की। शराब के नशे में उसने सब कुछ उगल दिया। तब जाकर उसे पता चला कि इस तरह का कारोबार भी डेटिग एप्स के जरिए हो रहा है।  

देवेश की कहानी

वरुण के अलावा देवेश की कहानी तो और दिलचस्प है। देवेश भी खाने-पीने के शौकीन और पैसे वाले घर के युवा हैं। नए जमाने के तमाम नए शौक भी रखते हैं। फिर भी बात करने में थोड़ी झिझक से बताते हैं कि उनकी कई गर्ल फ्रेंड्स तो उनके साथ समय बिताने के लिए होटलों को भी तय करती हैं और उन होटलों से उन लड़कियों को अच्छा खासा कमीशन मिलता है। होटल किराया से लेकर खाने –पीने की हर चीज़ पर उनका कमीशन बंधा है। 

देवेश को य़ह बात भी कैसे पता चली इसके पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है। देवेश के एक दोस्त का होटल है। देवेश अकसर अपनी महिला मित्रों के साथ उस होटल में जाते थे। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह होटल भी इस कारोबार से जुड़ा है। बात-बात में उनके दोस्त ने एक दिन जिक्र कर दिया कि इस तरह का बिजनेस भी उनका होटल करता है। 

कैसे चलता है धंधा ? 

बात तब पुख्ता हुई जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडिय़ो में दो लड़कियां बता रही हैं कि जैसे ही लड़कियां डेटिंग एप्स पर जाती है उनकों दिल्ली- एनसीआर, चंडीगढ़ और दूसरे कई बड़े शहरों के तमाम बड़े होटलों और रेस्ट्रां से फोन आते हैं। इन कॉल्स में उनसे गुजारिश की जाती है कि आप मेरे होटल या रेस्ट्रां की सेवा लीजिए और हम आपको 20 प्रतिशत तक कमीशन देंगे। यानी लड़कियां अपनी ब्वाय फ्रेंड पर दबाव डालें कि हमें तो फलां होटल या रेस्ट्रां से ही कुछ खाने को चाहिए। उसकी मांग पूरी होने पर उस लड़की को होटल या रेस्ट्रां से 20 प्रतिशत कमीशन मिल जाएगा। 

 

क्या कहना है होटल और रेस्ट्रां मालिकों का ? 

नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद के अलावा दिल्ली के आसपास के तमाम इलाकों में यह कारोबार चल रहा है। नोएडा में एक जाने- माने रेस्ट्रां के मालिक को यह बताने में कतई कोई झिझक नहीं है कि ऐेसे काम हो रहे हैं और करवाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि, क्या हम होटल में ग्राहक लाने के लिए कैब ड्राइवरों से लेकर टेम्पो और रिक्शा चालकों को कमीशन नहीं देते ? आप एयरपोर्ट से लेकर रेलवे स्टेशन कहीं भी उतरो होटलों के लोग, कमीशन एजेंट आपको मिल जाएंगे। उन्हें ग्राहक के बदले होटल से कमीशन मिलता है। 

वे कहते हैं कि, इसी तरह का काम डेटिंग एप्स पर मौजूद लड़कियों का होता है। उन लड़कियों को हम अपनी तरफ से यह प्रस्ताव देते है यह उनके ऊपर है कि वे उसे माने या न माने। कोई जोर-जबरदस्ती नहीं है। वे यह भी बताते हैं कि बहुत से लड़कियां मना कर देती हैं। हमारा बहुत सिम्पल सा बिजनेस मॉडल है, अगर किसी की वजह से हमें बिजनेस मिल रहा है तो उसे भी फायदा मिलना चाहिए। 

क्या  लड़कों को भी आप लोग इस तरह के प्रस्ताव देते है, जवाब में वे कहते हैं कि, लगभल न के बराबर। हां कुछ अलग तरह के धंधे से जुड़े लडकों को भी होटल की सेवा लेने पर सम्पन्न घरों की महिलाओं से मिलने वाले पैसे में से कुछ होटल वालों से कमीशन दिया जाता है। 

पुलिस का क्या कहना है ? 

ऐसे मामले में पुलिस की भूमिका आमतौर पर बहुत दुविधा वाली रहती है। पुलिस का कहना है कि, अगर किसी अनैतिक एवं गैरकानूनी काम की सूचना मिलती है तभी वह कार्रवाई कर सकती है। डेटिंग एप्स पर लड़कियों के जरिए कमीशन कमाया जा रहा है और इसमें होटल मालिक और लड़की दोनों की रजामंदी है तो हमारे हाथ बंध जाते हैं। हां अगर किसी तरह की कोई शिकायत हमारे संज्ञान में आती है तो हम कार्रवाई जरूर करेंगे।  

पुलिस का यह भी कहना है कि, ऐसे कुछ मामलों की जानकारी उसे मिली थी लेकिन कोई विवाद की स्थिति उत्पन्न हो ऐसी कोई बात नहीं थी। पुलिस आगे बताती है कि इस तरह के शौक रखने वाले युवा अधिकतर सम्पन्न घरों से होते हैं उनके लिए पैसे की कोई कमी नहीं होती और ऐसे कामों से जुड़ी लड़कियां आमतौर पर पैसे की तंगी से जूझ रही होती हैं। कोई नहीं चाहता कि किसी तरह का विवाद पैदा हो। होटल से लेकर ग्राहक तक सभी के अपने-अपने फायदे हैं।   

नोएडा में ऐसा एक मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इस रैकेट की तह में जाने के लिए जांच शुरू कर दी है और समझने में जुट गई है कि किस तरह से और किस हद तक डेटिंग एप पर मौजूद लड़कियां इस तरह की मांग या सिफारिश कर रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में उसके पास करने को कुछ खास होता नहीं क्योंकि सारा खेल आपसी सहमति और कमीशन का होता है। 

डेटिंग एप्स के कारोबार पर निगरानी रखने वाली एक संस्था का कहना है कि, पिछले लगभग दो वर्षों में डेटिंग एप्स पर आने वालों की संख्या में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी हुई है। संस्था बताती है कि, इस पर हर आयुवर्ग के लोग आ रहे हैं। इनमें से बहुतेरे कई –कई प्लेटफॉर्मस्स पर मौजूद हैं और उनके बारे में जानकारी जुटाना न तो ऐसे कामों से जुड़ी लड़कियों के लिए मुश्किल है और न ही होटलों या रेस्ट्रां के लिए।